
कलयुगी मां ने बेटे का कत्ल करके फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। वहीं बेटी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। घटना हरियाणा के पानीपत की है।
गांव कवी में मां ने पहले बेटे को गला घोंट कर मारा। बेटी के सिर में कपड़े धोने वाली थापी मारी और फिर फंदा लगा लिया। पति किसी काम से घर पर आया तो यह देखकर उसके होश उड़ गए। सूचना तुरंत पुलिस को दी गई और वह बेटी को लेकर अस्पताल पहुंचा।
मतलौडा थाना पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर शवों को कब्जे में लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है, वहीं मामला दर्ज करके जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी धर्मवीर खरब ने बताया कि हत्या करके सुसाइड किए जाने के पीछे का कारण महिला के मायके में होने वाली शादी बताई जा रही है। पता चला है कि मायके में शादी थी, जिसका निमंत्रण तो आया लेकिन महिला को लेने के लिए कोई नहीं आया।
इस बात को लेकर घर में सवेरे भी बहस हुई थी। उसके बाद महिला ने यह कदम उठा लिया। महिला की पहचान 27 वर्षीय मोनिका के रूप में हुई है। मृतक बेटे का नाम कविश था और वह 5 साल का था।
वहीं अस्पताल में मौत से लड़ रही बेटी का नाम कनिका है, वह 7 साल की है। मृतक के पति की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं इस घटना के बाद शादी वाले घर में मातम पसरा हुआ है।
