
6 फरवरी को हुई इस घटना की जांच एफबीआई कर रही है। (Photo Source: Rawstory Video)
अमेरिका में एक बार फिर एक भारतीय को निशाना बनाया गया है। अमेरिका के साऊथ कोलोराडो शहर में एक भारतीय के घर पर हमला किए जाने की घटना सामने आई है। हमलावरों ने भारतीय के घर पर कुत्ते का मल और अंडे फेंके हैं। इसके साथ ही घर में नस्लभेदी संदेश लिखे हुए पोस्टर चिपकाए गए हैं। इन पोस्टर में लिखा गया है कि तुम भारतीयों को यहां रहने का कोई हक नहीं है। 6 फरवरी को हुई इस घटना की जांच एफबीआई कर रही है। प्रशासन का कहना है कि इस घटना के पीछे किसी एक का हाथ नहीं है, बल्कि कई लोगों ने मिलकर इसे अंजाम दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नस्लभेदी मैसेज लिखे ये पोस्टर भारतीय के पूरे घर में फेले हुए थे। घर के मालिक ने बताया कि उनके घर के दरवाजे, खिड़की और कार में ऐसे करीब 50 पोस्टर फेंके गए थे। इसके साथ ही बताया कि उन लोगों ने उनके घर पर करीब 40 अंडे भी फेंके और घर के बाहर लिखा दिया कि ‘ब्राउन कलर के लोगों या भारतीयों को यहां रहने का कोई हक नहीं है।’ उसने बताया कि उनके पड़ोसी अच्छे हैं, उन्होंने वहां आकर उनके पूरे घर की सफाई करवाई।
बता दें, इससे पहले एक भारतीय इंजीनियर की कनसास में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गोली मारने से पहने हमलावर ने इंजीनियर से कहा था कि ‘मेरे देश से निकल जाओ।’
बता दें, अमेरिका में जीपीएस बनाने वाली कंपनी में इंजीनियर श्रीनिवास कुचीवोतला की कनसास प्रांत के एक बार में हत्या कर दी गई थी। अमेरिकी पुलिस के मुताबिक ये एक नस्लीय हमला था, और श्रीनिवास पर गोली चलाने वाला शख़्स अमेरिकी नेवी से जुड़ा हुआ है। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने उन्हें बताया कि हमलावर ने श्रीनिवास और उसके साथियों को मध्य-पूर्व का नागरिक समझ लिया था। पुलिस ने हमलावर एडम पुरिंटन को मिसौरी राज्य से गिरफ़्तार कर लिया गया।
जनसत्ता ऑनलाइन
