
नयी दिल्ली : अहमदाबाद हवाई अड्डे पर शुक्रवार रात उस समय एक बड़ हादसा होने से बच गया जब रन-वे पर दो विमान आमने सामने आ गये।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार दोनों विमानों में कुल मिलाकर करीब 400 यात्री सवार थे। सूत्रों के अनुसार स्पाइस जेट की उडान संख्या एसजी15 को एटीसी ने उडान भरने की अनुमति दे दी थी। इस विमान की उडान अहमदाबाद से दुबई निर्धरित थी और जब विमान उडान भरने के लिए रन-वे पर पूरी रफ्तार पर था तो एटीसी कन्ट्रोलर ने देखा कि रन-वे के बीचोंबीच इंडिगो का एक विमान खड़ा है। एटीसी ने तुरंत इसकी जानकारी स्पाइस जेट के पायलट को दी जिसने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर विमान को आपस में टकराने से बचा लिया। दोनों एयरलाइन्सों ने अब तक इस पर कोई बयान जारी नहीं किया है।
हालांकि स्पाइस जेट के एक प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि की है। जबकि इंडिगो के प्रवक्ता ने ऐसी किसी जानकारी से इन्कार किया है। बताया जा रहा है कि इंडिगो के विमान को एटीसी ने रन-वे क्लियर करने के लिए पहले ही निर्देश दे दिया था लेकिन किसी कारणवश इंडिगो का विमान घटना के समय रन-वे पर ही खड़ था।
