अमेरिका की 4 दिन की यात्रा पर जाएंगे विदेश सचिव, एच 1बी वीजा और भारतीयों की सुरक्षा पर हो सकती है चर्चा
नई दिल्ली : विदेश सचिव एस जयशंकर मंगलवार को अमेरिका यात्रा पर जायेंगे जिस दौरान एच 1बी वीजा पर संभावित प्रतिबंध और भारतीयों की सुरक्षा पर भारत की चिंता समेत अहम द्विपक्षीय मुद्दों और भारतीयों की सुरक्षा के विषय पर चर्चा होने की संभावना है।





यहां अधिकारियों ने बताया कि जयशंकर अपनी इस चार दिवसीय यात्रा के दौरान डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ सदस्यों के साथ परस्पर हित के क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी बातचीत करेंगे।
अधिकारियों ने कहा कि सरकार एच 1 बी वीजा मुद्दे पर चिंता को लेकर ट्रंप प्रशासन और अमेरिकी कांग्रेस के सदस्यों के साथ संपर्क में है। विदेश सचिव अपनी भेंटों के दौरान भारत का यह मत रखेंगे कि भारतीय कंपनियां अमेरिकी कपंनियों की प्रतिस्पर्धा बढ़ाकर अमेरिकी अर्थव्यवस्था में योगदान कर रही हैं।

एच 1 बी वीजा एक गैर अप्रवासी वीजा है जो अमेरिकी कंपनियों को उन विशेषज्ञता पेशों में विदेशी कर्मचारियों को काम पर रखने की इजाजत देता है जहां विशेष क्षेत्रों में सैद्धांतिक या तकनीकी महारथ की जरूरत होती है। प्रौद्योगिकी कंपनियां हर साल हजारों कर्मचारियों की भर्ती के लिए इस पर निर्भर करती है।
कंसास सिटी में एक भीड़भाड़ वाले बार में एक भारतीय इंजीनियर की नफरत की वजह से हत्या के महज कुछ दिन बाद हो रही इस यात्रा के दौरान भारतीय नागरिकों की सुरक्षा का मुद्दा भी दोनों पक्षों के बीच चर्चा के दौरान उठने की संभावना है।

सौजन्य: ZEE News Hindi


Rehmat © 2014 - Designed by Templateism.com, Plugins By MyBloggerLab.com | Published By Gooyaabi Templates

Contact us

Copyright - Rehmat News. Powered by Blogger.