
उत्तर कोरिया ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि अगर उसने प्योंगयांग को फिर से आतंकवाद प्रायोजक देश की लिस्ट में डाला, तो उसे इसके गंभीर नतीजे भुगतने होंगे. सरकारी कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) से शुक्रवार की देर रात विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि उत्तर कोरिया के खिलाफ निराधार आरोपों के लिए अमेरिका को बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी.
उत्तर कोरिया के शीर्ष नेता किम जोंग-उन के सौतेले भाई किम जोंग नेम की कुआलालंपुर में कथित तौर पर हत्या को लेकर अमेरिकी सांसदों ने प्योंगयांग को आतंकवाद प्रायोजक देश की लिस्ट में डालने की मांग की है. पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश के कार्यकाल के दौरान प्योंगयांग को इस लिस्ट से बाहर निकाल दिया गया था.
समाचार एजेंसी एफे न्यूज कीg एक रिपोर्ट के मुताबिक, दो महिलाओं ने किम जोंग नेम की कथित तौर पर हत्या की. दोनों महिलाओं को मलेशियाई अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया है और उन पर हत्या का आरोप लगाया है. वहीं दक्षिण कोरिया ने आरोप लगाया है कि उत्तर कोरिया ने दोनों महिलाओं को भाड़े पर लिया और बेहद खतरनाक रसायन वीएक्स नर्व एजेंट से किम पर हमला करवाया.
संयुक्त राष्ट्र ने इस खतरनाक रसायन को व्यापक जनसंहार के हथियार की श्रेणी में रखा है और इसपर बैन लगा दिया है. प्योंगयांग ने आरोपों से बार-बार इनकार किया है और किम जोंग नेम की मौत का आरोप मलेशिया पर लगाया है. साथ ही उत्तर कोरिया को हत्या का जिम्मेदार ठहराने के लिए कुआलालंपुर और वॉशिंगटन पर साजिश रचने का आरोप लगाया है.
Source: news18.com
