देवलाली आर्मी कैंट में लांस नायक रॉय मैथ्यू की मौत पर विवाद गहराता जा रहा है।
लांस नायक रॉय मैथ्यू (फाइल फोटो)
क्या लांस नायक रॉय मैथ्यू मीडिया द्वारा धोखाधड़ी का शिकार हुए? क्या उसे नहीं पता था कि उसकी बातचीत का ऑडियो और वीडियो रिकॉर्ड किया जा रहा है? क्या लांस नायक को ये भनक भी नहीं लग पायी थी कि उसके साथ स्टिंग ऑपरेशन किया जा रहा है। देवलाली आर्मी कैंट में लांस नायक रॉय मैथ्यू की मौत पर विवाद गहराता जा रहा है। रॉय मैथ्यू गुरुवार को देवलाली छावनी के एक खाली पड़े बैरक में लटकता हुआ पाया गया था। इससे पहले रॉय मैथ्यू के साथ स्टिंग ऑपरेशन का एक वीडियो न्यूज़ वेबसाइट द क्विंट ने अपने होमपेज पर डाला था। इस वीडियो में मैथ्यू ने कथित रुप से सेना में चलने वाले सहायक सिस्टम के बारे में खुलासा किया था। द क्विंट ने ‘सैनिक या नौकर’ नाम के शीर्षक से 23 फरवरी को इस वीडियो को अपलोड किया था, हालांकि इस घटना के बाद वेबसाइट द्वारा इस वीडियो को हटा लिया गया था।

द क्विंट की ओर से  इस बारे में अब तक कोई जवाब नहीं आया है। लांस नायक रॉय मैथ्यू के छोटे भाई जॉन ने बताया कि, ‘ रॉय ने आखिरी बार 25 फरवरी को अपनी पत्नी फिन्नी से बात की थी, वो काफी डरा हुआ था, और रो रहा था।’ रॉय मैथ्यू के भाई के मुताबिक,  ‘उसने बताया कि अपने सीनियर की शिकायत करने के बाद उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया है, और वो मुश्किल में है, इतना कहकर उसने फोन काट दिया।’ मैथ्यू के परिवार के मुताबिक इसके बाद उसका फोन स्विच ऑफ रहा, उन्होंने स्थानीय सांसद को इसकी जानकारी देकर आर्मी चीफ से भी बात करने को कहा, लेकिन गुरुवार को उन्हें पता चला कि रॉय मैथ्यू का शव एक बैरक में लटकता पाया गया है।


केरल के कोल्लम जिले के पवित्रशेखरम गांव का माहौल गमगीन है। लोगों को अपने लाल के जाने का दुख है। रॉय मैथ्यू का भाई जॉन बताता है कि हालांकि स्टिंग मेें उसके भाई का चेहरा छुपा हुआ था, लेकिन विजुअल्स को देखकर कोई भी पहचान सकता था कि ये रॉय ही है। जॉन के मुताबिक वेबसाइट द क्विंट पर वीडियो अपलोड होने के बाद बेहद तनाव में था। जॉन के मुताबिक, ‘मीडिया ने उसे धोखा दिया, रॉय मैथ्यू कभी नहीं जानते थे कि कुछ पत्रकार गुपचुप तरीके से उनकी बातों को बिना उनकी जानकारी के रिकॉर्ड कर रहे हैं।’

नासिक पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर लिया है, पुलिस के मुताबिक हो सकता है रॉय मैथ्यू ने गुरुवार से पहले ही सुसाइड कर लिया हो। सेना ने भी इस मामले में प्रेस रिलीज कर कहा है कि ‘अपराधबोध’ में ग्रस्त होकर रॉय मैथ्यू ने इतना बड़ा कदम उठाया है। सेना के मुताबिक स्टिंग ऑपरेशन पब्लिक होने पर उसे अपने आप पर काफी शर्मिंदगी महसूस हुई होगी, इसके बाद उसने ये कदम उठाया।
 Source: http://www.jansatta.com



Rehmat © 2014 - Designed by Templateism.com, Plugins By MyBloggerLab.com | Published By Gooyaabi Templates

Contact us

Copyright - Rehmat News. Powered by Blogger.