
जालंधर (महेश): 4 फरवरी को पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए पड़े वोटों की 11 मार्च को होने जा रही गणना के मद्देनजर आज जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर जालंधर कैंट थाने की पुलिस ने सर्च अभियान चलाया। इस मौके पर बम निरोधक दस्ता तथा डॉग स्क्वायड टीम भी मौजूद थी। ए.डी.सी.पी. सिटी-2 जगमोहन सिंह तथा ए.सी.पी. जालंधर कैंट देवेन्द्र कुमार चौधरी के नेतृत्व में थाना कैंट के एस.एच.ओ. रमनदीप सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ मौजूद थे। इस दौरान ट्रेनों से उतर रहे यात्रियों के सामान की तलाशी ली गई और पुलिस अधिकारियों ने खुद वहां घूम रहे संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की। ए.डी.सी.पी. जगमोहन सिंह ने लोगों को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि वे स्टेशन पर पड़ी हुई किसी भी लावारिस चीज से छेड़छाड़ न करते हुए इस संबंधी तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने शरारती तत्वों से कहा कि अगर वे कोई भी गैर-कानूनी काम करते पकड़े जाते हैं तो उनसे सख्ती से निपटा जाएगा। कैंट स्टेशन की मेन एंट्री पर खड़े होते वाहनों की भी पुलिस ने तलाशी ली।
Source: http://punjab.punjabkesari.in
