गुजरात: पुलिस ने फाइनेंसर से बरामद किए 4.49 करोड़ के नकली नोट
नोटबंदी के बाद देश के कई हिस्सों से पुलिस और आयकर विभाग ने लाखों रुपये के जाली नोट जब्त किए थे। वहीं यह सिलसिला अभी तक खत्म नहीं हुआ है। इस बार गुजरात पुलिस ने 4.49 करोड़ रुपये के जाली नोट बरामद किए हैं जिसमें ज्यादातर नोट 2000 रुपये के हैं। पुलिस ने नकली नोट राजकोट में दो अलग-अलग लोकेशन्स से बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक नए 2000 रुपये के 22,479 नकली नोट जब्त किए गए हैं। वहीं इस मामले में राजकोट में अपना कारोबार चलाने वाले फाइनेंसर केतन दवे को गिरफ्तार किया गया है। केतन के खिलाफ नितिन अंजन नाम के एक शख्स ने धोखाधड़ी के मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। नितिन ने शिकायत 23 फरवरी 2017 को दर्ज कराई थी।
वहीं पुलिस को इंटेरोगेशन के बाद जानकारी हासिल हुई कि दवे के दफ्तर में भी 57,16,000 रुपये की कीमत के नकली नोट मौजूद हैं। वहीं दवे ने यह भी बताया कि लगभग 1 करोड़ रुपये के नकली नोट उसके साथियों ने पकड़े जाने से पहले ही जला दिए थे। दवे एक साथी उमेर गज्जर से भी पुलिस ने पूछताछ की। गज्जर ने बताया कि दवे अपने ज्यादातर जाली नोटों को छिपाने के लिए अपनी गाड़ियों का इस्तेमाल करता है। पुलिस को जब दवे कि एक गाड़ी लापता मिली तो शक गहराया और पता चला की दवे की कई सारी गाड़ियां लापता हैं।
पुलिस ने सर्च ऑपरेशन्स चलाए और एक गाड़ी बरामद की गई। गाड़ी 150 लिंग रोड के पास की पार्किंग से बरामद की गई थी। अकेली गाड़ी से ही पुलिस ने 3.94 करोड़ के जाली नोट बरामद किए। वहीं इस मामले में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है और आगे मामले की जांच में जुट गई है। गौरतलब है कि नोटबंदी के बाद से दिसंबर 2016 तक आयकर विभाग ने 760 से ज्‍यादा छापे मारे थे और लगभग 3590 करोड़ की अघोषित संपत्ति का पता लगाया था।
Source: jansatta.com



Rehmat © 2014 - Designed by Templateism.com, Plugins By MyBloggerLab.com | Published By Gooyaabi Templates

Contact us

Copyright - Rehmat News. Powered by Blogger.