
जेएनयू छात्र उमर खालिद को दिल्ली यूनिवर्सिटी के रामजस कॉलेज में एक कार्यक्रम के लिए बुलाए जाने से गहराया तनाव अभी थम नहीं रहा है. पहले सड़क पर भिड़ने वाले छात्र अब सोशल मीडिया पर एकदूसरे पर तीखे हमले कर रहे हैं.
दिल्ली यूनिवर्सिटी के लेडी श्रीराम कॉलेज की छात्रा गुरमेहर कौर ने कहा, एबीवीपी या कोई भी छात्रसंगठन हो, किसी को हक नहीं है कि वो कानून व्यवस्था को अपने हाथ में ले. मैं अपने देश को प्यार करती हूं, अपने साथी छात्रों को बहुत प्यार करती हूं और उन छात्रों के खुलकर बोलने के अधिकार का भी समर्थन करती हूं.
उन्होंने कहा कि पत्थर उमर खालिद पर नहीं फेंका गया था, वह तो वहां थे भी नहीं, पत्थर असल में उन छात्रों पर फेंके गए जो वहां मौजूद थे. मैं न डरूंगी और न झुकुंगी. मेरे पिता ने देश के लिए अपने सीने पर गोलियां खाईं और मैं भी देश के लिए गोलियों का सामना करने को तैयार हूं.
आरोप: सोशल पोस्ट के बाद रेप की धमकी
करगिल शहीद कैप्टन मनदीप सिंह की बेटी गुरमेहर कौर ने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया पर छात्र संगठन एबीवीपी के खिलाफ पोस्ट डालने के बाद से मुझे रेप की धमकी मिल रही है. कौर ने कहा, सोशल मीडिया पर मुझे काफी धमकी मिल रही है. मुझे लगता है कि यह बहुत डरावना है जब लोग आपको हिंसा या रेप की धमकी देते हैं. उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद के नाम पर रेप की धमकी देना सही नहीं है.
सौजन्य: News18Hindi
