
दुनिया की सबसे वजनी महिला इमान अहमद शनिवार को जब से यहां पहुंची हैं तब से सैफी अस्पताल में उन्हें निगरानी में रखा गया है. उन्हें हाई प्रोटीन की तरल खुराक दी जा रही है. उनका वजन तकरीबन 500 किलोग्राम है.
डॉक्टरों की टीम की अगुवाई करने वाले जाने माने बेरिएट्रिक सर्जन मुफाजल लकडावाला ने यहां संवाददाताओं को बताया कि इमान को हाई प्रोटीन वाली तरल खुराक की जा रही है. वह पिछले 48 घंटों से डॉक्टरों के दल की निगरानी में हैं.
उन्होंने कहा कि डॉक्टर उनके व्यापक परीक्षण कर रहे जो इमान के इलाज की प्रक्रिया का पहला कदम है. उन्होंने कहा कि अस्पताल ने इमान के लिए खासतौर पर एक कमरा तैयार किया है. उन्होंने कहा कि इमान की समस्या सिर्फ वजन है. वह पिछले दो दशक से ज्यादा वक्त से वजन के कारण बिस्तर पर हैं और कहीं आने-जाने में असमर्थ हैं. वह अपने वजन की वजह से कई चिकित्सक जटिलताओं से भी जूझ रही हैं जो सालों से बरकरार हैं. यह उनके मामले को बहुत जटिल और उच्च जोखिम वाला बनाता है.
डॉक्टर लकडावाला ने कहा कि इमान की जिंदगी में सामान्य स्थिति आने में कुछ साल लग सकते हैं. उनका इलाज कर रहे डॉक्टर उन्हें उनके पैरों पर खड़ा कराने और मौजूदा बीमारियों को ठीक करने के लिए प्रतिबद्ध है.
