दिल्ली समेत पूरे देश में मनाया गया महाशिवरात्रि का पर्व
नयी दिल्ली, (वार्ता) : राजधानी दिल्ली समेत पूरे देश में महाशिवरात्रि का पर्व पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया।
दिल्ली में चांदनी चौक स्थित मशहूर गौरीशंकर मंदिर समेत कई मंदिरों में इस पर्व पर भक्तों की जबरदस्त भीड़ थी और सभी मंदिर‘हर हर महादेव’के उद्घोषों से गूंज रहे थे। सभी भक्त भोले बाबा की भक्ति से सराबोर नजर आ रहे थे। मंदिरों में सुबह से ही भोले शंकर को जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ हुई थी। देश के अन्य राज्यों में भी महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया।
अहमदाबाद से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार भगवान के द्वादश ज्योर्तिलिंगों में से प्रथम गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में हिंद महासागर के तट पर स्थित पौराणिक सोमनाथ महादेव मंदिर को आज महाशिवरात्रि के मौके पर तडके चार बजे से अगले 42 घंटे तक निरंतर खोल कर रखा जाएगा और वहां देश के कोने कोने से पहुंचे श्रद्धालु पूजा अर्चना और अभिषेक कर रहे हैं।
उधर गुजरात की देवभूमि द्वारका जिला स्थित एक अन्य ज्योर्तिलिंग मंदिर नागेश्वर तीर्थ समेत अन्य मंदिरों में भी आज विशेष पूजा अर्चना के आयोजन के बीच शिवभक्तों की भारी भीड उमड पडी। सोमनाथ मंदिर की महाशिवरात्रि के मौके पर जबरदस्त सजावट की गयी है और सोमेश्वर महादेव की पालकी यात्रा भी निकाली गयी। ज्योर्तिलिंग का मनोहारी शृंगार किया गया है। चार विशेष आरती का भी आयोजन किया गया है। मंदिर परिसर में कल से दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया है। एहतियाती तौर पर सुरक्षा के भी कडे प्रबंध किये गये है। जूनागढ जिले के भवनाथ मंदिर में जहां पांच दिवसीय सालाना महाशिवरात्रि मेले का आज मध्यरात्रि के समय नागा साधुओं की शोभायात्रा के समापन होगा, भक्तों की जबरदस्त भीड उमड पडी है।
अहमदाबाद के चाकुलिया महादेव मंदिर, नीलकंठ और कामेश्वर महादेव मंदिर, वडोदरा के नवनाथ मंदिरों, काशी विश्वनाथ मंदिर, सूरत के रूद्रनाथ मंदिर तथा राजकोट के पंचनाथ मंदिर और ओंकारेश्वर मंदिर समेत राज्य के अन्य सभी छोटे बडे शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की भीड उमड पडी। बडी संख्या में लोगों ने आज उपवास भी रखा है।

Rehmat © 2014 - Designed by Templateism.com, Plugins By MyBloggerLab.com | Published By Gooyaabi Templates

Contact us

Copyright - Rehmat News. Powered by Blogger.