
न्यूजीलैंड को उसी के घर में पांच वन डे मैचों की सीरीज में 3-2 से शिकस्त देते हुए दक्षिण अफ्रीका ने अंतरार्ष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की वनडे टीम रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान कायम रखा है।
दक्षिण अफ्रीका ने शनिवार को ऑकलैंड में खेले गई सीरीज के आखिरी और निणार्यक मैच में किवी टीम को छह विकेट से मात दी। दक्षिण अफ्रीका की टीम 119 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर है। दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया है जो अफ्रीका से सिर्फ एक अंक पीछे है।
न्यूजीलैंड 113 अंकों के स्थान के साथ तीसरे और भारत 112 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। दक्षिण अफ्रीका ने पिछले महीने श्रीलंका को 5-0 से मात देने के बाद पहले स्थान पर कब्जा जमाया था। उसको पहले स्थान पर पहुंचाने में ऑस्ट्रेलिया को न्यूजीलैंड द्वारा मिली 2-0 से हार का ही हाथ था।
इंग्लैंड, श्रीलंका और बांग्लादेश की टीम पांचवें, छठे, सातवें नंबर पर हैं। पाकिस्तान की टीम आठवें स्थान पर है। सिंतबर 2017 तक शीर्ष-7 में रहने वाली टीमों को 2019 में होने वाले वर्ल्ड कप में सीधे प्रवेश मिलेगा। बाकी टीमों को वर्ल्ड कप खेलने के लिए क्वालीफाइंग टूनार्मेंट खेलना पड़ेगा।
Source: http://www.livehindustan.com
