![महेंद्र सिंह धोनी सुरक्षित निकाले गए, दिल्ली के फाइव स्टार होटल में आग लगने के बाद फंस गए थे](https://blogger.googleusercontent.com/img/b/R29vZ2xl/AVvXsEjlJQY_VuYCBqQIDc5_hFCYA0nxfOppYju0AjXx-7w8Ycmba4so5pEEMukVGibujE1MpyOj3QTZ1cmllThTjf0G9rwPWzr56n1NDAREIJKgjKnAweu5sYLTulj8aqUYkdt8Y0lZrzdNpW4r/s72-c/dhoni-620x400.jpg)
loading...
महेंद्र सिंह धोनी दिल्ली के होटल में आग लगने के बाद उसमें फंस गए थे। यह आग 17 मार्च को दिल्ली में द्वारका के एक होटल में लगी थी। उस होटल का नाम वेलकम होटल है। मिली जानकारी के मुताबिक, सुबह 6.30 बजे के करीब फायर टेंडर आग बुझाने के लिए पहुंच गए थे। आग बुझाने के लिए पूरे 30 टेंडर पहुंचे थे। धोनी विजय हजारे ट्राफी में खेलने के लिए दिल्ली आए हुए हैं। फिलहाल किसी तरह के नुकसान की जानकारी नहीं है। धोनी के साथ वहां पर झारखंड की पूरी टीम रुकी हुई थी।
झारखंड की टीम एमएस धोनी की कप्तानी में खेल रही है। झारखंड ने विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। पालम मैदान पर बुधवार को खेले गए क्वार्टरफाइनल मुकाबले में झारखंड ने विदर्भ को छह विकेट से हरा दिया था। झारखंड के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपने अंदाज के अनुरूप छक्का लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी।
एमएस धोनी 27 गेंदों में 1 चौका और 1 छक्का लगाकर 18 रन बनाए और अंत तक आउट नहीं हुए थे। विदर्भ ने मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। हालांकि यह फैसला विदर्भ के लिए अच्छा साबित नहीं हुआ और 87 रन के योग पर ही उसने अपने सात विकेट गंवा दिए थे।
मैदान पर दर्शकों ने धोनी का जोरदार स्वागत किया था। धोनी को मैदान पर देख कर सड़क से गुजरने वाले वाहन भी रुक गए और एक दर्शक सुरक्षा रेखा को लांघकर मैदान में आ गया। एमएस धोनी ने उसे निराश नहीं किया था और ऑटोग्राफ देकर वापस भेजा था।
Source: jansatta.com
loading...