विधानसभा चुनाव में किए वादे हुए पूरे, अब दिल्ली को बनाएंगे लंदन जैसा: अरविंद केजरीवाल
देश की राजधानी दिल्ली में जल्द ही निगम चुनाव होने वाले हैं। इन्हें लेकर हल्का-फुल्का प्रचार भी होता दिख रहा है। रविवार को दिल्ली के तीन इलाकों में नागरिक सुविधाओं का उद्घाटन करते हुए आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में होने वाले निगम चुनावों के लिए अपना एजेंडा भी तय कर लिया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उत्तम नगर इलाके में एक जनसभा में नगर निकाय पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि पार्षद अपनी जेब भर रहे हैं। केजरीवाल ने कहा, “चुनावों से पहले, भाजपा और कांग्रेस के पार्षद साइकिल और स्कूटर पर घूमते नजर आते हैं। लेकिन अब, हर पार्षद के पास पांच बंगले और पांच गाड़ियां हैं। एक बार हम MCD जीत गए तो एक साल के अंदर दिल्ली को इतना साफ-सुधरा बना देंगे कि इसकी तुलना लंदन से होगी।”




केजरीवाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने जो भी वादे किए थे जैसे- बिजली और पानी की सब्सिडी देना, वो सब पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के किसी भी राज्य की सरकार ने इतना काम नहीं किया जितना आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली में किया। कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए सीएम ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बिजली वितरण कंपनियों के हाथ की कठपुतली थी।
उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने दिल्ली में दो वर्षों में जितना काम किया है उतना भाजपा 10-15 वर्षों में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में नहीं कर पायी। उन्होंने कहा, “विधानसभा चुनाव में आपने 67 सीटें दी और इस बार आप कोई ऐसा फर्क मत कीजिए। यदि हम दिल्ली नगर निगम चुनाव जीत गए तो हम दिल्ली में चार चांद लगा देंगे और उसे एक साल में लंदन जैसा बना देंगे।” आगामी निगम चुनाव के लिए उत्तम नगर में प्रचार करते हुए उन्होंने अनधिकृत कॉलोनियों के निवासियों को आकर्षित करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा, “हमने अनधिकृत कॉलोनियों के नियमितीकरण के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भी भेजा है। यह मुद्दा दिल्ली उच्च न्यायालय के सामने लंबित है।” इस बीच पूर्व कांग्रेस विधायक मुकेश शर्मा की अगुवाई में इलाके के कुछ बाशिंदों ने जनसभा के दौरान काले झंडे दिखाए।
Source: jansatta.com



Rehmat © 2014 - Designed by Templateism.com, Plugins By MyBloggerLab.com | Published By Gooyaabi Templates

Contact us

Copyright - Rehmat News. Powered by Blogger.