
नई दिल्ली: दिल्ली के नये उपराज्यपाल अनिल बैजल ने वन रैंक-वन पेंशन को लेकर नवंबर, 2016 में खुदकुशी करने वाले पूर्व सैनिक रामकिशन ग्रेवाल के परिजनों को एक करोड़ मुआवजा देने वाली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की फाइल लौटा दी है.
एलजी अनिल बैजल ने एक करोड़ के मुआवजे वाली इस फाइल को यह कहते हुए लौटा दिया है कि पूर्व सैनिक रामकिशन ग्रेवाल दिल्ली के नागरिक नहीं हैं, हरियाणा के हैं इसलिए उन्हें यह मुआवजा नहीं मिल सकता. उन्होंने कहा है कि राम किशन की मौत ड्यूटी पर नहीं खुदकुशी से हुई थी, इसलिए उन्हें मुआवजा नहीं मिल सकता. पूर्व सैनिक के आत्महत्या करने के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल उनके परिजनों से मिलने गये थे. उस समय केजरीवाल ने ग्रेवाल के परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया था.
गौर हो कि राम किशन ग्रेवाल पूर्व सैनिक थे, जिन्होंने OROP के लिए जंतर-मंतर पर नवम्बर 2016 में खुदकुशी की थी.हाल ही में केजरीवाल सरकार के एक के बाद एक फैसले जैसे गेस्ट टीचर वेतन बढ़ोतरी, न्यूनतम मजदूरी बढ़ोतरी, मोहल्ला क्लिनिक सरकारी स्कूल में खोलने के फैसले को एलजी हरी झंडी दी थी.
ज़ी मीडिया ब्यूरो
